
सरकारी स्कॉलरशिप पर उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाएंगे आदिवासी विद्यार्थी, मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा छात्रवृत्ति योजना शुरू
Zee News
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कोशिशों से अब राज्य के आदिवासी विद्यार्थियों का विदेश में शिक्षा लेने का सपना पूरा होगा.
Ranchi: झारखंड के 6 आदिवासी समुदाय के बच्चे इस साल उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाएंगे. इनकी पढ़ाई का खर्च झारखंड सरकार उठाएगी. इन 6 बच्चों को मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना के तहत पढ़ाई के लिए विदेश भेजा जा रहा है. रांची में योजना से लाभान्वित विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सम्मानित किया. आज झारखण्ड देश का पहला राज्य बना है जो अपने युवाओं को उच्च शिक्षा हेतु विदेश भेज रहा है। मरङ गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत राज्य के 6 होनहार आदिवासी युवा शिक्षा हेतु यूनाइटेड किंगडम जा रहे हैं। आप सभी युवाओं को मेरी अनेक-अनेक शुभकामनाएं और जोहार। जोहार, पिछली सदी में, मरङ गोमके जयपाल सिंह मुंडा विदेश में शिक्षा लेने गये थे। आज, उनके ही दिखाये मार्ग पर चलते हुए, हमारी सरकार अगली पीढ़ी को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों में शिक्षा के लिए भेज रही है। आप सभी को शुभकामनाएँ, खूब मन लगा कर पढ़िए और अपने राज्य का नाम रौशन कीजिये।
इंग्लैंड और आयरलैंड में उच्च शिक्षा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कोशिशों से अब राज्य के आदिवासी विद्यार्थियों का विदेश में शिक्षा लेने का सपना पूरा होगा. झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना के तहत राज्य के 6 आदिवासी विद्यार्थियों का चयन विदेश में पढ़ाई के लिए किया गया है. स्कॉलरशिप के लिए चयनित विद्यार्थी इंग्लैंड और आयरलैंड के विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा ग्रहण करेंगे.