
‘महिलाओं के साथ चलो’, ये है राहुल के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा में आज का विषय
Zee News
सुबह पैदल मार्च के दौरान राहुल गांधी के साथ महिला कांग्रेस की नेता शोभा ओझा और पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन भी मौजूद रहीं. नटराजन ने कहा, ‘‘आज की यात्रा का विषय ‘महिलाओं के साथ चलो’ है.’’
झालार: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश में 10 वें दिन में प्रवेश कर गई है. शुक्रवार की सुबह भारत जोड़ो यात्रा आगर मालवा जिले के लिए रवाना हुई. यात्रा सुबह करीब छह बजे उज्जैन के बाहरी इलाके झालार गांव से दोबारा शुरू हुई है. सुबह मार्च के दौरान राहुल गांधी के साथ महिला कांग्रेस की नेता शोभा ओझा और पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन भी मौजूद रहीं. पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव और प्रदेश के पूर्व मंत्री जीतू पटवारी भी यात्रा में शामिल हुए.
आज की थीम मीनाक्षी नटराजन ने कहा, ‘‘आज की यात्रा का विषय ‘महिलाओं के साथ चलो’ है.’’ उन्होंने कहा कि चाय के दौरान, राहुल गांधी ने विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाओं के एक समूह के साथ बातचीत की. इसमें स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की सदस्य और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थीं. यात्रा सुबह करीब दस बजे समुरा खेड़ी गांव में विराम लेगी.