
अपने इस काम के लिए दुनियाभर में बदनाम तालिबान जल्द बदलेगा अपनी पाॅलिसी, बना रहा है कानून
Zee News
लड़कियों को स्कूलों में पढ़ाई की इजाजत पर जल्द घोषणा करेगा तालिबान; अफगानिस्तान के 34 प्रांतों में से पांच प्रांतों - उत्तर पश्चिम में बल्ख, जवज्जान और समांगन, उत्तर पूर्व में कुंदुज और दक्षिण पश्चिम में उरोज्गान में पहले ही माध्यमिक स्कूलों में लड़कियों को पढ़ने की इजाजत है.
संयुक्त राष्ट्रः संयुक्त राष्ट्र के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि तालिबान ने उन्हें बताया कि वे ‘‘जल्द’’ यह घोषणा करेंगे कि सभी अफगान लड़कियों को माध्यमिक स्कूलों में पढ़ने की इजाजत होगी. पिछले सप्ताह काबुल की यात्रा पर गए संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) के उप कार्यकारी निदेशक उमर अब्दी ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में सहाफियों को बताया कि अफगानिस्तान के 34 प्रांतों में से पांच प्रांतों - उत्तर पश्चिम में बल्ख, जवज्जान और समांगन, उत्तर पूर्व में कुंदुज और दक्षिण पश्चिम में उरोज्गान में पहले ही माध्यमिक स्कूलों में लड़कियों को पढ़ने की इजाजत है.
छठी कक्षा से आगे की लड़कियों की तालीम पर बना रहा है खाका तालिबान के शिक्षा मंत्री ने कहा है कि वे सभी लड़कियों को छठी कक्षा से आगे अपनी स्कूली शिक्षा जारी रखने की अनुमति देने के लिए ‘‘एक खाके’’ पर काम कर रहे हैं, जिसे ‘‘एक से दो महीने के बीच’’ जारी किया जाएगा. अब्दी ने कहा, ‘‘माध्यमिक विद्यालय जाने की उम्र वाली लाखों लड़कियां लगातार 27वें दिन शिक्षा से महरूम हैं. अब्दी ने कहा कि हर बैठक में उन्होंने तालिबान को ‘‘लड़कियों की शिक्षा बहाल करने’’ पर जोर दिया और इसे खुद लड़कियों और देश के हित में महत्वपूर्ण बताया है.’’