
Dussehra 2021: वृषभ में राहु और वृश्चिक में केतु, जानें दशहरा के दिन ग्रहों की स्थिति और रावण दहन के शुभ मुहूर्त
ABP News
Dussehra 2021: दशहरा का पर्व आज 15 अक्टूबर को है. आज राहु वृषभ राशि में और केतु वृश्चिक राशि में विराजमान हैं. आइये जानें विजयदशमी पर्व पर अन्य ग्रहों की स्थिति और रावण दहन के लिए शुभ मुहूर्त.
Dussehra 2021 Subh Muhurat: हिंदी पंचांग के अनुसार, दशहरे का पर्व हर साल आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को मनाया जाता है. साल 2021 में दशहरा का त्योहार आज 15 अक्टूबर को पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है. दशहरा पूजा की तैयारियां चल रही हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी तिथि को भगवान श्रीराम ने लंका के राजा रावण का वध किया था. यह कहा जाता है कि इसी दिन मां दुर्गा ने असुरों के राजा महिषासुर का वध करके पृथ्वी को असुरों के आतंक से मुक्त कराया था. तभी से दशहरा का पर्व मनाने की परंपरा चली आ रही है.
इस बार दशहरा या विजय दशमी पर ग्रहों की स्थिति क्या है? और किस शुभ महूर्त में दशहरा पूजन और रावण दहन करना उत्तम होगा? मान्यताओं के अनुसार दशहरा के दिन शुभ मुहूर्त में पूजा कीर्ति दिलाने वाली होती है. पंचांग के अनुसार, चंद्रमा रात 9 बजकर 16 मिनट तक मकर में उसके उपरांत कुंभ राशि पर संचार करेगा. वृषभ राशि में राहु हैं तथा शुक्र और केतु वृश्चिक राशि में विराजमान हैं. सूर्य, बुध, मंगल कन्या राशि में हैं. जबकि गुरु, शनि और चंद्रमा मकर राशि में गोचर में चल रहे हैं. बुध और गुरु वक्री गति से चल रहे हैं. वहीं शनि 11 अक्टूबर से मार्गी हैं. ग्रहों की स्थिति मध्यम बनी हुई है.