![हिंद महासागर में चीन का दबदबा और भारतीय नौसेना की तैयारी](https://ichef.bbci.co.uk/news/1024/branded_hindi/13ACA/production/_117768508_162e625d-442e-4d97-ad17-aaada53e58a8.jpg)
हिंद महासागर में चीन का दबदबा और भारतीय नौसेना की तैयारी
BBC
हिंद महासागर में विदेशी नौसेनाओं के साथ भारतीय नौसेना के अभ्यास लगातार बढ़ रहे हैं. क्या इसका कारण चीन है?
हिंद महासागर में चीन का बढ़ता प्रभाव भारत के लिए एक मुश्किल सवाल बन कर उभरा है और इसी बढ़ते प्रभाव का मुक़ाबला करने के उद्देश्य से पिछले कुछ वर्षों में हिंद महासागर में भारतीय नौसेना ने कई मित्र देशों की नौसेनाओं के साथ युद्धाभ्यास किए हैं. इसी कड़ी का सबसे ताज़ा उदाहरण हालिया दो-दिवसीय पेसेक्स नौसैनिक युद्धाभ्यास है, जिसमें भारतीय और अमेरिकी नौसेनाओं ने पूर्वी हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी क्षमताओं को परखा. इस पेसेक्स एक्सरसाइज़ में भारतीय नौसेना के युद्धपोत शिवालिक के साथ हेलिकॉप्टर और लंबी दूरी के समुद्री गश्ती विमान पी8आई ने अमेरिकी नौसेना के जहाज़ यूएसएस थियोडोर रूज़वेल्ट कैरियर स्ट्राइक ग्रुप के साथ हिस्सा लिया. कैरियर स्ट्राइक ग्रुप एक मेगा नौसैनिक बेड़ा होता है, जिसमें एक विमान-वाहक और बड़ी संख्या में विध्वंसक, युद्धपोत और अन्य जहाज़ शामिल होते हैं. बीते मंगलवार को हिंद महासागर में फ़्रांसीसी संयुक्त सेना कमांडर रियर एडमिरल जैक फेयार्ड की अगुआई में एक फ़्रांसीसी नौसैनिक प्रतिनिधिमंडल मुंबई में पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफ़िसर कमांडिंग-इन-चीफ़ वाइस एडमिरल हरि कुमार से मिला.More Related News