
शार्ली हेब्दो का तंज - 33 करोड़ देवी-देवता फिर भी ऑक्सीजन की कमी!
BBC
पैग़ंबर मोहम्मद पर विवादित कार्टून बनाने वाली फ़्रांस की पत्रिका शार्ली हेब्दो ने भारत की स्वास्थ्य सेवाओं की नाकामी को लेकर हिन्दू देवी-देवताओं के ज़रिए निशाना साधा है.
फ़्रांस की व्यंग्यात्मक पत्रिका शार्ली हेब्दो ने भारत के कोविड संकट में व्यवस्था की नाकामी को लेकर तंज कसते हुए एक कार्टून छापा है. कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में भारत की स्वास्थ्य सेवा बुरी तरह से नाकाम रही है और सरकार भी अपनी लाचारी दिखा रही है. अस्पतालों में अब भी कोविड मरीज़ मेडिकल ऑक्सीजन की कमी के कारण दम तोड़ रहे हैं. शार्ली हेब्दो ने 28 अप्रैल को एक कार्टून प्रकाशित किया था, जिसमें मेडिकल ऑक्सीजन को ही विषय बनाया है. शार्ली हेब्दो के कार्टून में तंज है कि भारत में करोड़ों देवी-देवता हैं, लेकिन कोई ऑक्सीजन की कमी पूरी नहीं कर पा रहा. हिन्दू धर्म में मान्यता है कि 33 करोड़ देवी-देवता हैं. हिन्दू धर्म एकेश्वरवाद में भरोसा नहीं रखता है, जैसे कि इस्लाम, ईसाई और दूसरे धर्मों में है. यहाँ महिलाओं की भी ईश्वर के रूप में पूजा होती है और पुरुष देवताओं की भी. हिन्दू धर्म में कई देवी-देवता हैं और सबकी पूजा होती है.More Related News