
विधानसभा में जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह बोले- बाढ़ से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा देगी यूपी सरकार
ABP News
जल शक्ति मंत्री ने दावा किया कि इस साल सिर्फ 12 हजार हेक्टेयर जमीन बाढ़ से प्रभावित है. जिनकी फसल बाढ़ से बर्बाद हुई हैं, उसका सर्वेक्षण कराया जा रहा है और उन्हें मुआवजा दिया जाएगा.
UP Assembly Monsoon Session: उत्तर प्रदेश की विधानसभा में मानसून सत्र के दूसरे दिन बुधवार को जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने कहा कि राज्य में बाढ़ से किसानों की जो फसलें बर्बाद हुई हैं उसका सर्वेक्षण कराया जा रहा है और इसका मुआवजा दिया जाएगा. विधानसभा में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के दल नेता शाह आलम और उमाशंकर सिंह ने बुधवार को कार्य स्थगन प्रस्ताव लाकर सदन की कार्यवाही रोकने और बाढ़ के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की. इसके जवाब में जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने कहा कि जिनकी फसल बाढ़ से बर्बाद हुई हैं, उसका सर्वेक्षण कराया जा रहा है और उन्हें मुआवजा दिया जाएगा. महेंद्र सिंह ने कहा कि अतिवृष्टि के बाद मध्य प्रदेश और राजस्थान से 25 लाख क्यूसेक पानी अचानक उत्तर प्रदेश की चंबल नदी में छोड़ दिया गया लेकिन राज्य सरकार के बेहतर प्रबंधन के चलते न कोई बांध टूटा और न ही कोई घटना हुई. उन्होंने बाढ़ नियंत्रण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज तक के इतिहास में बाढ़ बचाव के लिए इतना बेहतर प्रबंधन कभी नहीं किया गया.More Related News