
प्रियंका गांधी यूपी में महिलाओं को कांग्रेस तक लाने में कितनी सफल होंगी? - ग्राउंड रिपोर्ट
BBC
कांग्रेस पार्टी की तरफ़ से उत्तर प्रदेश के अगले विधानसभा चुनावों में 40 प्रतिशत महिला उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा जायेगा. इस क़दम का पार्टी को कितना फ़ायदा होगा?
कांग्रेस पार्टी ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ने का फ़ैसला किया है और वह सभी 403 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी. प्रियंका गांधी ने बुधवार को लखनऊ में कहा कि कांग्रेस 40 प्रतिशत महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी. पर महिला वोट बैंक बनाने की ये रणनीति क्या काम करेगी?
सीतापुर में कांग्रेस नेता शमीना शफ़ीक़ रहीमाबाद गांव में एक बैठक में मौजूद महिलाओं के बीच ज़ोर से कहती हैं, "लड़की हूँ", जवाब आता है, "लड़ सकती हूँ".
कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में 'महिला सशक्तिकरण अभियान' बहुत धूमधाम से शुरू किया है. शमीना शफ़ीक़ विधानसभा चुनावों में गांवों में जाकर पार्टी के 'महिला सशक्तिकरण अभियान' को आगे बढ़ा रही हैं.
बुधवार को पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने लखनऊ में 'महिला घोषणापत्र' या 'वीमन्स मेनिफेस्टो' जारी करते हुए कहा कि उनकी पार्टी की प्राथमिकता महिलाएं होंगी.