
अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान भारत के लिए बड़ी चुनौती, कूटनीति की होगी अग्निपरीक्षा
BBC
अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान की सत्ता ने भारत को अजीब सी स्थिति में डाल दिया है. आने वाले दिनों में भारत के रुख़ पर बहुत कुछ निर्भर करेगा.
जिस तेज़ी से सैन्य अभियान चला कर तालिबान ने महज़ कुछ सप्ताह में अफ़ग़ानिस्तान पर कब्ज़ा किया है, उसने दुनियाभर के सुरक्षा और कूटनीति मामलों के विशेषज्ञों को परेशानी में डाल दिया है. राजधानी काबुल के तालिबान के कब्ज़े में जाने के बाद कई देश जल्द से जल्द अपने राजनयिकों और आम नागरिकों को अफ़ग़ानिस्तान से निकालने के लिए विशेष अभियान चला रहे हैं. लेकिन इसके साथ जो चीज़ पीछे छूट रही है, वो है अफ़ग़ानिस्तान में बीते दो दशकों में किया गया विकास का काम और निवेश. माना जा रहा है कि अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान की सत्ता आने के साथ ही दक्षिण एशिया की भू-राजनीति में बड़ा बदलाव आ गया है. इसके साथ ही भारत के लिए अब स्थिति पहले से अधिक मुश्किल हो गई है. पाकिस्तान और चीन के साथ लंबे वक़्त से भारत के सीमा से जुड़े विवाद हैं. माना जा रहा है कि भविष्य में अफ़ग़ानिस्तान में इन दोनों की भूमिका अहम होने वाली है.More Related News